तुलसीपुर (बलरामपुर)। पुरानी बाजार में दो युवकों के बीच हो रहे विवाद में बीच बचाव कराने आए युवक को एक पक्ष के व्यक्ति ने चाकू मार दिया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सीएचसी में उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
कस्बा प्रभारी अयोध्या सिंह ने बताया कि शनिवार की रात पुरानी बाजार लक्ष्मीबाई गली के निकट किशन सोनी और सौरभ गुप्ता के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी बीच मोहल्ले का ही समीर गुप्ता विवाद में बीच बचाव कराने पहुंच गया।
विवाद के दौरान ही किशन सोनी ने समीर पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में समीर गंभीर रूप से घायल हो गया। समीर को सीएचसी तुलसीपुर में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसको जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। किशन उर्फ गुर्जर के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है।