महराजगंज तराई। तुलसीपुर ब्लॉक के साहेबनगर गांव में संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। गांव में खसरे की चपेट में पांच व्यक्ति आ चुके हैं। बीमार व्यक्तियों के इलाज के लिए गांव में बुधवार को स्वास्थ्य टीम के न पहुंचने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुलसीपुर क्षेत्र के साहेबनगर में खसरे की चपेट में आने से एक ही परिवार के पांच लोग प्रभावित हैं। गांव के तीन भाई शकील शाह (25), सलाहू (30) व शहजाद (23) खसरे से प्रभावित हैं। इसके साथ ही शहजाद की पत्नी हबीबुनिशा (20) व सलाहू का बेटा खुशुबुद्दीन (10) भी कई दिनों से बीमार हैं।
गांव के महेश, सलीम, हिदायत व चन्ने ने बताया कि नियमित साफ-सफाई न होने से गांव में गंदगी का अंबार लगा है। गंदगी के कारण संक्रामक बीमारी पांव पसारने लगी है। गांव में एएनएम व आशा सप्ताह में एक दिन आती हैं। पंचायत भवन में बैठकर खानापूर्ति करके चली जाती है। ग्रामीणों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण न होने से बीमारी पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।
देर शाम तक नहीं पहुंची स्वास्थ्य टीम
गांव में बीमारी फैलने की सूचना मिलने के बाद भी बुधवार देर शाम तक कोई स्वास्थ्य टीम नहीं पहुंची। ग्रामीणों का आरोप है कि तुलसीपुर सीएचसी अधीक्षक को कॉल की गई, लेकिन उन्होंने रिसीव नहीं किया। विभागीय अधिकारियों की अनदेखी से ग्रामीणों के जान का खतरा हो सकता है। बड़ा हादसा होने के बाद अधिकारियों की नींद टूटेगी।
टीम भेजकर कराया जाएगा स्वास्थ्य परीक्षण
तुलसीपुर सीएचसी अधीक्षक को गांव में स्वास्थ्य टीम भेजने का निर्देश दिया गया है। स्वास्थ्य टीम भेजकर ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। गांव में दवाओं का छिड़काव भी करवाया जाएगा।
- डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी, सीएमओ बलरामपुर