बलरामपुर के महराजगंज तराई क्षेत्र में मोहल्ला कक्षाओं में नौनिहालों को पढ़ाते शिक्षक।
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। कोरोना काल में परिषदीय स्कूलों के नौनिहलों को ककहरा पढ़ाने के लिए मोहल्ला कक्षाएं संचालित की जा रही है। कोविड 19 महामारी के चलते शासन स्तर से मोहल्ला कक्षाएं संचालित कराने का निर्देश दिया गया है। मोहल्ला कक्षाओं में पढ़ने वाले बच्चे खुशी मन से पढ़ाई कर रहे है।
शिक्षा क्षेत्र तुलसीपुर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय महराजगंज तराई के हेडमास्टर इंद्रसेन सिंह, शिक्षिका चंचल, मोनिका गुप्ता व गीता ने बताया कि सोमवार को अलग-अलग क्षेत्रों में मोहल्ला कक्षाएं लगाकर बच्चों को पढ़ाया गया है।
शासन स्तर से बच्चों को पढ़ाने के लिए मोहल्ला कक्षाएं चलाने का निर्देश दिया गया है। पिछड़ा क्षेत्र होने के कारण अभिभावकों के पास मोबाइल व अन्य संसाधन न होने के चलते मोहल्ला कक्षाएं चलाना अनिवार्य है।
पिछड़े क्षेत्र में कभी-कभी नेटवर्क की समस्या भी रहती है जिसके चलते मोबाइल से बच्चों को पढ़ाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इन्हीं दिक्कतों का निराकरण कराने के लिए मोहल्ला कक्षाएं चलाई जा रही है।
बीईओ महेंद्र कुमार ने बताया कि शिक्षा क्षेत्र के सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व कंपोजिट स्कूलों में बच्चों को मोहल्ला कक्षाएं चलाकर पढ़ाया जा रहा है। इसके लिए सभी शिक्षकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया है।