फोटो-37-बलरामपुर के ग्राम पंचायत फटवा में निकाली गई यात्रा में शामिल लोग।-स्रोत: आयोजक
बलरामपुर/ललिया। संत शिरोमणि रविदास महाराज की जयंती पर रविवार को जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। ललिया थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत फटवा से संत रविदास महाराज की कलश यात्रा निकाली गई। तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर यात्रा को रवाना किया।
कलश यात्रा शिवपुरा, झांगीडीह, मटयरिया, इमलिया देवपुरा, मोतीपुर और मणिपुर बाजार होते हुए लालपुर विशुनपुर चौराहे पर पहुंची। यात्रा के मार्ग में ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। इस दौरान विधायक कैलाश नाथ शुक्ल ने कहा कि संत रविदास ने समाज को समानता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
विद्यालय में शिक्षा और संस्कृति पर हुई गोष्ठी
नगर के रमना पार्क स्थित सरस्वती शिशु-विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में संत रविदास जयंती और वंदेमातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘राष्ट्रहित सर्वोपरि’ विषय पर गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य और प्रबंधक शामिल हुए। दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती की वंदना के साथ गोष्ठी का शुभारंभ हुआ।
मुख्य अतिथि प्रदेश निरीक्षक रामजी सिंह ने कहा कि समाज में संस्कारों को मजबूत करने के लिए शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति से जुड़ाव भी जरूरी है। एमएलके महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जेपी पांडेय ने भी संस्कार और संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक डॉ. सतीश सिंह, अध्यक्ष डॉ. कौशल्या गुप्ता समेत अन्य अतिथियों को सम्मानित किया गया। गोष्ठी का संचालन मदन मोहन त्रिपाठी ने किया।