-बलरामपुर के रेहरा बाजार में कलश वंदन यात्रा रथ में शामिल श्रद्धालु।
रेहराबाजार। संत शिरोमणि रविदास के सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कलश वंदन यात्रा रथ बृहस्पतिवार को रेहराबाजार पहुंचा। इटिहनपुरवा, अचलपुर, रूपनगर, सराय खास और सहजौरा गांवों में ग्रामीणों ने यात्रा का स्वागत कर संत रविदास के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
रथ संयोजक राजाराम गौतम ने बताया कि यह कलश यात्रा संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) से पवित्र मिट्टी लेकर निकली है। यात्रा विभिन्न ग्राम सभाओं में पहुंचकर संत रविदास के जीवन, संघर्ष और समाज सुधार के लिए किए गए कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि संत रविदास का संदेश आज भी सामाजिक समरसता और भाईचारे का सबसे बड़ा आधार है। इस दौरान उतरौला विधायक के पुत्र शशांक वर्मा, विधानसभा संयोजक सुधीर श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष जिलेदार पांडे, दिनेश कुमार, धर्म प्रकाश चौहान, भोला वर्मा, प्रवीण शर्मा, सुनीता, काजल, कामनी, बड़का, सीतापती समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।