तुलसीपुर। शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर सोमवार को रामोत्वस का उल्लास छाया रहा। रामलला के प्राण प्रतिष्ठा की खुशी किन्नरों में भी देखने को मिली। किन्नरों ने मंदिर परिसर में जमकर नृत्य किया। मंदिर में पूजा अर्चना करते पहुंचे श्रद्धालु राम दरबार की सुंदर रंगोली बनाई। नगर में जगह-जगह शोभायात्रा व भंडारे का आयोजन किया गया।
शाम ढलते ही पूरा मंदिर परिसर 11 हजार दीपों से जगमग व रोशन दिखा। इस अवसर पर कई जोड़ों ने मंदिर परिसर में विवाह भी किया। रामलला के स्वागत में झूमते नाचते भक्तों ने मंदिरों में दर्शन के साथ ही घरों में पूजा अनुष्ठान भी किया।
गांवों में भंडारे के साथ ही भजन- कीर्तन से अध्यात्मिक माहौल बना रहा। तुलसीपुर के देवीपाटन मंदिर के साथ ही बिजली भवानी मंदिर में दर्शन करने वालों का तांता लगा रहा। वहीं पूरे जिले के मंदिरों में हवन-पूजन किया गया। रामभजनों पर श्रद्धालु जमकर झूम। ग्रामीण बाजारों में लोगों ने धार्मिक अनुष्ठान के साथ शोभायात्रा भी निकाली गई।
कारसेवा करने वाले नगर के मोहल्ला बलुहा निवासी अधिवक्ता राज कुमार श्रीवास्तव अयोध्या में श्रीरामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर काफी खुश नजर आए। कहा कि 1989 में जो संघर्ष शुरु किया था वह आज पूरा हुआ। प्रभु श्रीराम का मंदिर देखकर जीवन की सभी खुशियां मिल गई।
पचपेड़वा के रामनगर स्थित राम जानकी मंदिर पर हवन पूजन का आयोजन किया गया। ललिया बाजार में महिलाओं ने भव्य कलश यात्रा निकाली। तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण व माता सीता की आरती की। हरैया सतघरवा के भड़सहिया बाजार तथा रेहरा बाजार में श्रीराम दरबार की झांकी निकाली गई। गैसड़ी के सोनपुर में प्रभू श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। गैसड़ी में गायत्री परिवार की तरफ से दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।