बलरामपुर। संयुक्त जिला चिकित्सालय को आधुनिक संसाधनों से लैस आईसीयू वार्ड की सौगात मिली है। 32 बेड वाले आईसीयू वार्ड में गंभीर मरीजों को ऑक्सीजन व वेंटीलेटर की सुविधा भी मिलेगी। जरूरी संसाधनों से लैस यह वार्ड इस्तेमाल होने के लिए पूरी तरह से बनकर तैयार हैं। जल्द ही इनका संचालन शुरू होगा।
वर्ष 2013 में मुख्यालय से करीब चार किलोमीटर दूर उतरौला मार्ग पर संयुक्त जिला चिकित्सालय का संचालन शुरू हुआ था। संयुक्त जिला चिकित्सालय में 100 बेड का हॉस्पिटल, आधुनिक मशीन व जांच उपकरणों से लैस पैथालॉजी, ब्लड बैंक, डायलिसिस यूनिट व सिटी स्कैन आदि की सुविधा मरीजों के लिए पहले से ही उपलब्ध है। कोविड के समय संयुक्त जिला चिकित्सालय में दो ऑक्सीजन प्लांट भी लगवाए गए थे। साथ ही यहां पर आने वाले गंभीर रोगियों के लिए आईसीयू वार्ड की आवश्यकता को देखते हुए 32 बेड वाले आईसीयू वार्ड के निर्माण को भी मंजूरी मिली थी।
अब यह वार्ड बनकर पूरी तरह तैयार हो गया है। वार्ड में सभी बेड पर पाइप लाइन द्वारा ऑक्सीजन आपूर्ति की व्यवस्था की गई है। आईसीयू वार्ड के लिए 18 वेंटीलेटर भी उपलब्ध कराया गया है। वार्ड के सभी बेड आधुनिक संसाधनों से लैस हैं।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरके वर्मा ने बताया कि गंभीर रोगियों के लिए आईसीयू वार्ड का निर्माण कराया गया है। आईसीयू वार्ड का हस्तांतरण भी हो गया है। वार्ड में ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए पाइप लाइन बिछाने का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। इसके बाद इसका संचालन शुरू हो जाएगा।