बलरामपुर। ललिया थाना क्षेत्र के परसहवा गांव के पास साइकिल से घर आ रहे ससुर, बहू व पोती पर तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुए के हमले में तीनों लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुरा में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम तेंदुआ की तलाश में जुटी है।
शनिवार की शाम सुगानगर लहेरी गांव निवासी धनराज अपनी बहू लक्ष्मी व पोती दो वर्षीय खुशी को साइकिल पर बैठाकर सिकटिहवा मोड़ गए थे। वहां से घर लौटते समय परसहवा गांव के पास घात लगाए बैठे तेंदुआ ने अचानक उन पर हमला कर दिया। इससे तीनों लोग साइकिल से गिरने व तेंदुए का पंजा लगने से घायल हो गए। शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीणों से पहले तेंदुआ ने अपने पंजे से खुशी के मुंह, लक्ष्मी के सिर और धनराज की पीठ पर वार भी किया।
तीनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुरा ले जाया गया। सीएचसी अधीक्षक डा. प्रणव पांडेय ने बताया कि तीनों का उपचार किया जा रहा है। तेंदुआ के हमले की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच कर तेंदुआ की तलाश में जुट गई है।
तेंदुआ अब तक चार मासूमों को अपना शिकार बना चुका है। तेंदुआ ने पहला शिकार बीते माह चार नवंबर को लालनगर सिपहिया की तीन वर्षीय बच्ची वंदनी को बनाया था। इसके बाद 11 नवंबर को इसी गांव के छह वर्षीय अरुण वर्मा और 16 नवंबर को ग्राम बेलवा के सात वर्षीय विकास को झपट्टा मार कर उठा ले गया था। 24 नवंबर को उसने गैसड़ी के बनकटवा गांव के पांच वर्षीय रितेश को अपना चौथा शिकार बनाया था।