गैसड़ी। पचपेड़वा क्षेत्र के विजयनगर शिवपुर गांव में स्थित प्राचीन बामकी माता मंदिर की मूर्ति का कुछ हिस्सा शनिवार को खंडित पाया गया। घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों ने मंदिर में किसी को आते-जाते नहीं देखा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और शांति बनाए रखने की अपील की।
ब्लॉक प्रमुख मनोज तिवारी ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि मंदिर में स्थापित करीब 20-25 वर्ष पुरानी मूर्ति का हाथ और नाक टूटा हुआ है। मामले की जानकारी मिलते ही वे स्वयं मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया-बुझाया। उन्होंने बताया कि मूर्ति को ठीक कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही मंदिर परिसर के चारों तरफ चारदीवारी भी बनाई जा रही है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
ओपी सिंह चौहान ने बताया कि मौके पर ग्रामीणों से बात की गई है। शांति व्यवस्था कायम है, मंदिर की निगरानी बढ़ा दी गई है। कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। (संवाद)