बलरामपुर के दलपतपुर मजगवां गांव में लगी आग से जल रहा घर गृहस्थी का सामान।-संवाद
बलरामपुर। हरैया सतघरवा थाना क्षेत्र के दलपतपुर मजगवां गांव में बुधवार दोपहर अज्ञात कारणों से लगी आग में 31 परिवार तबाह हो गए। आग लगने से जहां इन सभी घरों की गृहस्थी का सारा सामान जल गया, वहीं 36 मवेशियों की झुलसने से मौत हो गई। हलका लेखपाल ने क्षति का आंकलन कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी है।
दलपतपुर मजगवां गांव निवासी पन्नालाल की झोपड़ी में बुधवार दोपहर करीब दो बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। तेज हवा के चलते आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। पन्नालाल की झोपड़ी से निकली लपटों ने रामपति, रामफेरन, लवकुश, दीनानाथ, बेकारू, कन्हईलाल, मंगलदेव, श्याम किशोर, स्वामी दयाल, रामलाल, पृथ्वीनाथ, चैतू, बनहू, लल्लन, कंधई लाल, राजेंद्र, बंसीलाल, संजय गुप्ता, मंगरे, सीताराम, सतई, मंगने, सतीराम, चौधरी, कुन्नू, रामधीरज, बच्चूलाल व सहदेव सहित 31 घरों को चपेट में ले लिया। ग्राम प्रधान बलराम यादव की सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। मगर तब तक सभी 31 घरों का सारा सामान जलकर खाक हो गया। आग में झुलसने से 36 मवेशियों की मौत हुई है। हलका लेखपाल राकेश कुमार ने बताया कि क्षति का आंकलन किया गया है। उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है। जल्द ही पीड़ितों को आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी।