बलरामपुर में आयोजित जनजागरण प्रबुद्घ गोष्ठी में प्रदेश महामंत्री को स्मृति चिह्न देकर स्वागत क?
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई वाली भाजपा सरकार ने जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 व 35ए को समाप्त कर भारत को अखंड राष्ट्र बनाने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। देश की हुकूमत ने पूरे विश्व को यह संदेश दे दिया है कि पूरा जम्मू कश्मीर भारत का अंग है और इसे हम हर हाल में लेकर रहेंगे। एक प्रधान, एक निशान व एक विधान से हिन्दुस्तान और भी मजबूत होगा। यह बात राष्ट्रीय एकता अभियान के तहत आयोजित एक राष्ट्र एक संविधान जन जागरण प्रबुद्घ गोष्ठी को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने कही।
उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 व 35ए के मुद्दे पर कांग्रेस व अन्य दल लोगों को गुमराह करने का काम कर रहे हैैं। भाजपा शुरू से ही अनुच्छेद 370 व 35ए को समाप्त करने की पक्षधर थी। देश में एक प्रधान, एक निशान व एक विधान का सबसे पहले नारा जन संघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने बुलंद किया था। उनके सपने को साकार करने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया है। जिस तरह अटल जी ने अमेरिका सहित तमाम देशों की धमकियों के बावजूद पोखरण में परमाणु परीक्षण किया था उसी तरह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी दुनिया को संदेश दे दिया है कि वह किसी के दबाव में झुकने वाले नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि 1965 एवं 1971 के युद्घ में भारत सरकार के पास यह अवसर था कि पाक अधिकृत कश्मीर को भारत में विलय करवाया जा सकता था लेकिन तत्कालीन सरकारों ने यह इच्छा शक्ति नहीं दिखाई। आज इंसानियत, कश्मीरियत व जम्हूरियत की दुहाई देने वाली कांग्रेस तब कहां थी जब जम्मू कश्मीर में सूफी समाज के संतों व कश्मीरी पंडितों को मारकर भगाया जा रहा था। जम्मू कश्मीर से अब सारा प्रतिबंध हट गया है। अब देश के किसी भी हिस्से से लोग कश्मीर में जाकर रोजगार कर सकते हैं और घर बनाकर रह सकते हैं।
भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह ने कहा कि अनुच्छेद 370 एवं 35ए के कारण जम्मू कश्मीर का विकास ठप था। 2004 से 2019 तक 2 लाख 77 हजार करोड़ रुपये जम्मू कश्मीर के विकास के लिए दिए गए लेकिन आज वहां सड़क तक नहीं है। वहां विकास नहीं हुआ इसका एक मात्र कारण भ्रष्टाचार के खिलाफ जांच एजेंसियों को जांच करने का अधिकार प्राप्त न होना है। पूरी दुनिया कश्मीर व लद्दाख को धरती का स्वर्ग मानती है लेकिन अनुच्छेद 370 के कारण वहां के लोग नारकीय जीवन जीने को विवश हैं।
पूर्व सांसद दद्दन मिश्र, सदर विधायक पल्टूराम, गैसड़ी विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल एवं उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा ने कहा कि जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 व 35ए देश के लिए कलंक के समान था। इस कलंक को समाप्त कर मोदी सरकार ने अखंड भारत के सपने को साकार करने का काम किया है।