पीएचसी मथुरा बाजार में मरीजों की जांच करते चिकित्सक डॉ. खंड प्रताप सिंह।-संवाद
बलरामपुर। जिले के 33 अस्पतालों में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला का आयोजन किया गया। इनमें 1374 मरीजों की जांच करके दवाएं वितरित की गईं।
पीएचसी महराजगंज तराई में 42 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की गई। डॉ. बाल मुकुंद मौर्य ने मेले में आए सभी मरीजों को गर्मी से बचाव के बारे में जानकारी दी। गर्भवती व बच्चों का टीकाकरण भी हुआ। मेले में मनीष सिंह, फार्मासिस्ट शिवपूजन, अजीत व शकील ने मरीजों का इलाज किया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिपरा के फार्मासिस्ट सौरभ चौबे ने बताया कि 26 मरीजों की जांच करके उन्हें दवाओं का वितरण किया गया। जैतापुर के लहरी को पेट दर्द, पिपरा की सुनीता व प्रेमी देवी बुखार से पीड़ित थी, इन्हें इंजेक्शन लगवाकर दवाएं दी गईं।
घमौरी से पीड़ित वंदना को दवाएं दी गईं। गर्मी व लू से बचने के उपाय भी बताए गए। पीएचसी मणिपुर सहजना में डॉ. पवन कुमार गुप्त ने मरीजों की सेहत की जांच कराकर दवाओं का वितरण कराया। पीएचसी मथुरा बाजार में 20 मरीजों का इलाज किया गया।