फोटो-8-बलरामपुर के पिपरा एकडंगा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों को दवा देते विधायक राम प्रता?
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। कोरोना वैश्विक महामारी की दूसरी लहर के दौरान बंद हुए मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेला का आयोजन रविवार से दोबारा शुरू हो गया। जिले के 25 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मेले में आयुष व एलौपैथ से जांच व इलाज किया गया। आरोग्य स्वास्थ्य मेले में आए मरीजों को स्वास्थ्य विभाग की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। मेले में आयुष्मान भारत के पात्र लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड भी बनाए गए।
उतरौला के पिपरा एकडंगा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर विधायक रामप्रताप वर्मा ने जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण कुछ समय के लिए जन आरोग्य मेले का आयोजन स्थगित किया गया था। बाढ़ के कारण गांवों में संक्रामक बीमारियों के साथ वायरल व जलजनित बीमारियों के फैलने की आशंका के चलते फिर से मेला फिर से शुरू कर दिया गया है। अधीक्षक डा.चंद्रप्रकाश ने तीमारदारों को खानपान में विशेष सावधानी बरतने की बात कही। श्रीदत्तगंज ब्लाक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर महदेइया डा.मनीष व डॉ. सैफ सिद्दीकी व डा.मंजू गुप्ता ने 126 व पुरैना वाजिद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डा.आशुतोष व डा.उमर फारूक ने 106 मरीजों का इलाज किया।
श्रीदत्तगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डा.विकल्प मिश्र ने बताया कि दोनो जगहों पर मेले में कोरोना से संक्रमित होने की आशंका के चलते 53 लोगों के नमूने लिए गए। 12 गोल्डन कार्ड बनाए गए है। अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महाराजगंज तराई में डा. सुहेल खां ने 73, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुलरिहा हिसामपुर में डॉ. सलमान ने 56 व अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कौवापुरपर डा. आनंद कुमार त्रिपाठी ने 48 मरीजों का इलाज किया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मथुरा बाजार में डा. अरविंद कुमार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुगौली कला में डॉ. अमित ने मरीजों का इलाज किया। शिवपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डा.प्रणव पांडेय ने बताया कि बुखार, दस्त, सर्दी, जुकाम, त्वचा रोग के 185 मरीजों का इलाज किया गया।