बलरामपुर। नगर के भगवतीगंज में गोंडा मार्ग पर सौंदर्यीकरण कराने के दौरान बृहस्पतिवार को जमीन के नीचे से गुजर रही 33 केवीए विद्युत सप्लाई की केबल कट गई। जिससे आधे शहर की बिजली गुल हो गई। जिससे करीब 40 हजार की आबादी प्रभावित हुई। बिजली विभाग के कर्मचारी केबल मरम्मत के कार्य में जुट रहे लेकिन रात तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
नगर क्षेत्र के एसडीओ प्रेमचंद ने बताया कि बृहस्पतिवार की दोपहर में भगवती गंज में गोंडा मार्ग पर जेसीबी से सौंदर्यीकरण का काम कराया जा रहा था। इसी दौरान जमीन के नीचे से गुजर रही विद्युत सप्लाई के 33 केवीए की केबिल जेसीबी से कट गई। इसके कटने से करीब साढ़े तीन बजे वीर विनय चौराहा से लेकर फुलवरिया बाईपास तक अधिकांश मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। सूचना मिलने पर विद्युत कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर टूटी हुई केबिल को खोजकर उसकी मरम्मत का कार्य शुरू किया। मरम्मत कार्य चल रहा है इसके पूरा होते ही आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी।