बलरामपुर। भीषण गर्मी के चलते 44 डिग्री सेल्सियस तापमान होने के कारण बृहस्पतिवार को लोग बेहाल रहे। गर्मी के बीच करीब छह घंटे आधे शहर की बिजली गुल होने से लोग बिलबिला उठे। कूलर, पंखा व एसी के साथ टुल्लू पंप न चलने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
ग्रामीण क्षेत्रों की हालत और भी बदतर है। आठ से 10 घंटे तक ही बिजली मिलने के कारण ग्रामीणों को पेड़ के नीचे बैठकर दिन काटना पड़ता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फरमान जारी किया है कि गर्मी के मौसम में शहर की बिजली न काटी जाए। इस फरमान का जिले में कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है। जिला मुख्यालय पर बृहस्पतिवार को सिविल लाइन, खमौवा, विशुनापुर, पूरबटोला, खलवा, टेढ़ीबाजार, गर्ल्स कॉलेज व नहरबालागंज आदि मोहल्लों में बिजली कटौती ने लोगों को खूब परेशान किया। भीषण गर्मी के दिनों में जब पारा 44-45 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है तब लोकल फाॅल्ट के नाम पर छह-छह घंटे बिजली कटौती से लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है।
पेड़ के नीचे बैठकर दिन काट रहे ग्रामीण
ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था और भी बदहाल है। ग्रामीण राजकुमार, संतोष, इरफान, शकील, पिंटू, कल्लू, मोहित व राजेंद्र आदि का कहना है कि आठ से 10 घंटे ही बिजली आपूर्ति की जा रही है। बिजली आने पर भी लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। भीषण गर्मी व लू के चलते ग्रामीणों का जीना मुहाल है। ग्रामीण पूरा दिन पेड़ की छांव में बैठकर काटते हैं।
तेज हवा चलने के कारण बृहस्पतिवार को कई स्थानों पर बिजली के तार आपस में टकरा रहे थे। तारों के टकराने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई। दिनभर विभागीय कर्मचारी बिजली फाल्ट को ठीक करने में जुटे रहे।
- बालकृष्ण, अधिशासी अभियंता विद्युत