बलरामपुर। हज यात्रा पर जाने वालों को अब आवेदन के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। ई-सुविधा केंद्रों पर हज यात्रा का आवेदन भरवाया जाएगा। जिले के तीनों तहसीलों में हज यात्रा पर जाने वालों के लिए ई-सुविधा केंद्र शुरू किए गए हैं।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी पवन कुमार सिंह ने बीते दिन बताया कि शासन स्तर से हज यात्रा पर जाने वालों को सुविधा प्रदान की गई है। तीनों केंद्रों के नोडल अफसरों से हज यात्रा के संबंध में मोबाइल पर फोन करके जानकारी हासिल की जा सकती है।
हज यात्रा पर जाने वाले सदर तहसील में मदरसा जामिया अरबिया अनवारुल कुरान के प्रधानाचार्य/नोडल अधिकारी मोहम्मद मसीह अहमद के मोबाइल नंबर 9450517288 पर, उतरौला तहसील में मदरसा अलजाने अतुल गौसिया अरबी कालेज के प्रधानाचार्य/नोडल अधिकारी बैतुल्लाह के मोबाइल नंबर 9450511134 व तुलसीपुर तहसील में मदरसा फजले रहमानिया पचपेड़वा के प्रधानाचार्य/नोडल अधिकारी नूरुल हसन खां के मोबाइल नंबर 9005048880 पर फोन करके जानकारी हासिल की जा सकती है।
हज यात्रा 2020 के लिए 10 अक्तूबर से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। निर्धारित ई-सुविधा केंद्रों पर नोडल अधिकारी के माध्यम से 10 नवंबर तक हज यात्रा पर जाने के लिए आवेदन किया जा सकता है।
आवेदन पत्र का प्रारुप हज यात्रा के वेबसाइट पर उपलब्ध है। जिन हज आवेदकों को ऑनलाइन आवेदन भरने में दिक्कतें आ रही हैं वे इन निर्धारित हज ई-सुविधा केंद्र के नोडल अधिकारी से मदद ले सकते हैं।