बलरामपुर। राजकीय हाईस्कूल देवरिया मुबारकपुर की प्रधानाचार्य का वेतन अग्रिम आदेश तक के लिए रोक दिया गया है। औचक निरीक्षण के दौरान डीआईओएस को स्कूल में तमाम खामियां मिली। तीन दिन में संतोषजनक जवाब न देने पर विधिक कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई। राजकीय हाईस्कूल शिवपुर महंत धर्मपुर में सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद पाई गई है। डीआईओएस ने जिले के सभी राजकीय व वित्तपोषित माध्यमिक स्कूलों के प्रधानाचार्यों को स्कूलों में सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद करने का निर्देश दिया।
डीआईओएस गोविंद राम ने बताया कि शनिवार को उन्होंने कार्यालय सहायक अंकित श्रीवास्तव के साथ राजकीय हाईस्कूल देवरिया मुबारकपुर श्रीदत्तगंज का औचक निरीक्षण किया। स्कूल का गेट खुला पाया गया। छात्र छात्राएं घूमते टहलते पाए गए। प्रधानाचार्य कक्ष बंद मिला। प्रभारी प्रधानाचार्य स्कूल में 15 मिनट विलंब से पहुंचे। शिक्षिका सुर्वचा, आशा व भावना शर्मा उपस्थित मिली। कक्षा 9 में 43 की तुलना में 23, कक्षा 10 में 55 की तुलना में 24 छात्र छात्राएं उपस्थित मिले। विद्यालय परिसर में बना शौचालय गंदा पाया गया।
कक्षाओं में भी गंदगी मिली। स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था नहीं मिली। खेलकूद की सामग्री खरीदने के लिए दी गई धनराशि से मात्र दो बैट व बाल, दो हॉकी व दो कैरमबोर्ड उपलब्ध पाए गए। अर्द्धवार्षिक परीक्षा का परिणाम घोषित नहीं किया गया था। शिक्षिका आशा को गृह विज्ञान कक्ष, सुर्वचा को कला कक्ष और भावना शर्मा को गणित, विज्ञान कक्ष को व्यवस्थित व सौंदर्यीकरण कराने का निर्देश दिया गया। विलंब से पहुंचने वाले कार्यवाहक प्रधानाचार्य ऊषा का वेतन अग्रिम आदेश तक के लिए रोक दिया गया है और तीन दिन में जवाब तलब किया गया है।
राजकीय हाईस्कूल शिवपुर महंतपुर में औचक निरीक्षण के दौरान कार्यवाहक प्रधानाचार्य राधिका शर्मा, शिक्षक मोहम्मद आसिम, विष्णु देव सिंह शिक्षण कार्य करते पाए गए। छात्रों की उपस्थित भी ठीक पाई गई। बालक बालिका का शौचालय अलग अलग और साफ सुथरा पाया गया। कोरोना महामारी के चलते सभी छात्र छात्राओं को मास्क का प्रयोग करने की सलाह दी गई।