बलरामपुर। सदर ब्लॉक में शनिवार को कायाकल्प योजना के बारे में ग्राम पंचायत सचिवों को डीपीएम संदीप कश्यप की तरफ से एक दिवसीय ट्रेनिंग दी गई। कायाकल्प योजना से गांवों के सरकारी भवनों को जगमग कराने का तरीका बताया गया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए डीपीएम ने कहा कि सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों के पंचायत भवनों, प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, सचिवालय भवनों सहित अन्य सरकारी भवनों को चाक चौबंद कराए जाने के लिए निधियां निर्धारित की गई है। सभी ग्राम पंचायत सचिवों व प्रधानों को प्रदेश सरकार ने 14वें राज्य, ग्राम निधियों व अन्य मदों से ऑपरेशन कायाकल्प पूरा कराने की जिम्मेदारी सौंपी है।
इसके साथ ही प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों के भवनों को सात पैरामीटर पर जगमग कराए जाने का निर्णय लिया है। शासन स्तर से प्रथम चरण में 31 मार्च तक जिले के सभी प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों में ब्लैक बोर्ड, छात्र-छात्राओं की संख्या के अनुरूप अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था व क्रियाशीलता, स्वच्छ पेयजल, मल्टीपल हैंडवॉशिंग सिस्टम की जलनिकासी के साथ व्यवस्था, स्कूल की दीवारों, छत, दरवाजे, खिड़कियां, फर्श की वृहद मरम्मत का काम, यथासंभव फर्श में टायल्स, विद्युतीकरण, किचनशेड का जीर्णोद्धार व सुसज्जीकरण और रंगाई-पुताई का कार्य पूरा कराने की जिम्मेदारी सौंपी है। शौचालयों और पेयजल के इंतजाम बाल मैत्रिक संरचना के अनुरूप कराने और शौचालय, मूत्रालय व पेयजल का इंतजाम दिव्यांग छात्र-छात्राओं के अनुरूप किए जाने की बात कही है। इस अवसर पर सदर ब्लॉक के तमाम ग्राम पंचायत सचिव मौजूद रहे।