गोंडा। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने में विभाग फिसड्डी साबित हो रहा है। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की समीक्षा में दवाओं की उपलब्धता व 108 एंबुलेंस सेवा की खराब प्रगति को लेकर जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने नाराजगी जताई। उन्होंने सीएमओ को चेतावनी पत्र भेजकर जिम्मेदार अपर मुख्य चिकित्साधिकारियों पर कार्रवाई का निर्देश दिया है।
दवा व मेडिकल उपकरणों की खरीद-फरोख्त में अनियमितता मिलने के बाद अब मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं में भी विभाग की प्रगति खराब पाई गई। सीएम डैशबोर्ड के तहत अक्तूबर महीने की समीक्षा में अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता, 108 एबुलेंस सेवा सहित अन्य बिंदुओं में गोंडा को ''डी ग्रेड'' मिला। जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा को सख्त चेतावनी दी है। डीएम ने कहा कि नोडल अपर मुख्य चिकित्साधिकारी की ओर से समय-समय पर मॉनिटरिंग न किए जाने के कारण जिले की रैंकिंग खराब हुई है। ऐसे में उत्तरदायी एसीएमओ के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करते हुए तत्काल सूचित करें।
डॉ. एचडी अग्रवाल, एडी हेल्थ ने बताया कि सीएम डैशबोर्ड में दवाओं की उपलब्धता व 108 एंबुलेंस सेवा की प्रगति खराब रही। इसके अलावा समीक्षा में 102 एंबुलेंस सेवा, टेली रेडियोलॉजी, डॉयलिसिस व बाॅयोमेडिकल बेस्ट निस्तारण में जिले की प्रगति अच्छी है।
-