बलरामपुर। पल्स पोलियो उन्मूलन अभियान का जिले में रविवार को शुभारंभ हुुआ। इसके तहत 1095 बूथों पर पांच वर्ष तक के बच्चों को दो बूंद जिंदगी की पिलाई गई। वाहन रैली निकालकर बच्चों को पोलियो रोधी वैक्सीन पिलाने के लिए माता-पिता को जागरूक भी किया गया। जिले में तीन लाख 93 हजार 101 बच्चों को पोलियो वैक्सीन पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सीएमओ डॉ. विजय बहादुर सिंह एवं सीएमएस डॉ. विनीता राय ने जिला महिला अस्पताल में नवजात शिशुओं को पोलियो वैक्सीन पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। सीएमओ ने कहा कि पोलियो की बीमारी से बचाने के लिए जीरो से पांच वर्ष तक के बच्चों को हरहाल में वैक्सीन दी जाए। कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित न रह जाए इसके लिए अभियान में लगे सभी कर्मी पूरी ईमानदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने अभिभावकों से भी कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि जिले में तीन लाख 93 हजार 101 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। पोलियो की खुराक पिलाने के लिए रविवार को जिले में 1095 बूथ बनाए गए। बूथ डे पर छूटने वाले बच्चों को 630 टीमों की ओर से सोमवार से घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान की निगरानी के लिए 209 सुपरवाइजर लगाए गए है और 32 ट्रांजिट टीमें तैनात की गई हैं।
इस दौरान सीएमओ ने पोलियो उन्मूलन अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। इस अवसर पर एसीएमओ डॉ. बीपी सिंह, एसीएमओ डॉ. एके सिंघल, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा, यूनीसेफ की जिला समन्वयक शिखा श्रीवास्तव, समीर, शुभम व आरसी यादव सहित तमाम डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।