बलरामपुर। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य कराया जा रहा है। गोरखपुर-फैजाबाद (अयोध्या) शिक्षक एमएलसी की मतदाता सूची में छह नवंबर तक नाम शामिल कराने का मौका है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम वित्त एवं राजस्व ज्योति राय ने बताया कि बुधवार को मतदाता सूची प्रकाशित करा दी गई है। यदि इस सूची में नाम नहीं है तो फार्म-19 भरकर वोटर बन सकते हैं। पुनरीक्षण की दूसरी मतदाता सूची का प्रकाशन 25 अक्तूबर को होगा। छह नवंबर तक फार्म -19 भरकर संबंधित तहसील मुख्यालय, ब्लॉक कार्यालय, एमपीपी इंटर काॅलेज बलरामपुर व स्वतंत्र भारत इंटर काॅलेज तुलसीपुर में जमा कर सकते हैं।
इसके बाद दावे व आपत्तियों का निस्तारण कराने के लिए 20 नवंबर को पहली मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक दावे व आपत्तियां ली जाएंगी। 25 दिसंबर तक दावे व आपत्तियों का निस्तारण होगा। 30 दिसंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। जिले में शिक्षक निर्वाचन के लिए 10 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। अधिक जानकारी के लिए मंडलायुक्त या जिला निर्वाचन कार्यालय गोरखपुर से किसी भी कार्य दिवस में संपर्क कर सकते हैं।