बलरामपुर। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष चिकित्सकों की भर्ती के लिए जारी विज्ञापन में सामान्य वर्ग को शामिल न किए जाने का विरोध शुरू हो गया है। नगर के मोहल्ला सिविल लाइन निवासी अनूप लाल त्रिपाठी ने जिलाधिकारी सहित विभागीय अधिकारियों को पत्र लिखकर भर्ती प्रक्रिया निरस्त किए जाने की मांग की है।
अधिकारियों को भेजे गए पत्र में उन्होंने कहा है कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा बीते दिनों नौ आयुष चिकित्सकों के भर्ती के लिए विज्ञापन प्रकाशित कराया गया है। इसमें अति पिछड़ा वर्ग के लिए तीन, अनुसूचित जाति के लिए पांच तथा ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए एक पद आरक्षित किया गया है। इसमें सामान्य वर्ग को शामिल नहीं किया गया है जो कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों का उल्लंघन है। उन्होंने मांग किया है कि आयुष चिकित्सकों की भर्ती के लिए प्रकाशित कराए गए विज्ञापन को निरस्त करते हुए भर्ती में अनारक्षित वर्ग को भी शामिल किया जाए।