बलरामपुर। बालिका इंटर कॉलेज बलरामपुर में फर्जी अभिलेख के सहारे नौकरी करने वाली सहायक अध्यापिका आसमा परवीन के खिलाफ नगर कोतवाली में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। शिक्षिका से वेतन की रिकवरी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शिक्षिका को मिले करीब चार लाख रुपये वेतन की रिकवरी की जाएगी।
बालिका इंटर कॉलेज बलरामपुर की प्रधानाचार्य रेखा देवी ने बताया कि सहायक अध्यापिका आसमा परवीन की तैनाती नवंबर 2021 में आयोग द्वारा की गई थी। तैनाती के बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग एवं विद्यालय प्रबंध समिति द्वारा शिक्षिका के अभिलेखों का सत्यापन कराया गया। सत्यापन में पश्चिम बंगाल के सिद्दू कान्हू बिरसा विश्वविद्यालय ने बीएड की डिग्री फर्जी होने की पुष्टि की।
बीएड की डिग्री फर्जी होने की पुष्टि के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक गोविंद राम ने सहायक अध्यापिका के खिलाफ कूट रचित अभिलेख के सहारे नौकरी करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया। डीआईओएस के निर्देश पर सहायक अध्यापिका के खिलाफ नगर कोतवाली में केस दर्ज करा दिया गया है। प्रधानाचार्य ने बताया कि सहायक अध्यापिका को जनवरी माह से लेकर जून माह तक करीब चार लाख रुपये वेतन प्राप्त हुआ है। सहायक अध्यापिका से वेतन के रिकवरी की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।