बलरामपुर। जिले में रविवार को आई कोरोना रिपोर्ट में जिला जज सहित चार लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। पॉजिटिव पाए गए लोगों को लेवल-1 कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट किया गया है। सभी लोगों के कांटेक्ट की तलाश शुरू कर दी गई है।
एसीएमओ डॉ. बीपी सिंह ने बताया कि रविवार को आई कोरोना रिपोर्ट में जिला जज व उनके घर के एक अन्य सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाए गए है। इसके अतिरिक्त कोयलरा बलरामपुर एवं तुलसीपार्क बलरामपुर में भी एक-एक व्यक्तियों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली है। पॉजिटिव पाए गए लोगों को होम क्वारंटीन एवं लेवल-1 कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट किया गया है। इन लोगों के कांटेक्ट की तलाश शुरू कर दी गई है। इन लोगों के संपर्क में आए सभी लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा।
जिला सूचना कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को 12 लोगों की दूसरी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव मिली है। स्वस्थ होने वाले मरीजों को 14 दिन होम क्वारंटीन रहने का निर्देश देते हुए घर भेज दिया गया है। जिले में अब कोरोना पॉजिटिव केस की कुल संख्या 1708 हो गई है। 1568 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके है। 26 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में कोरोना के एक्टिव केस 114 है।