बलरामपुर। एक जून से टोलटैक्स बढ़ने से रोडवेज बसों का किराया भी पांच से 10 रुपये तक बढ़ गया है। अब तुलसीपुर व लखनऊ मार्ग पर जाने वाले यात्रियों को दूरी के हिसाब से पांच से 10 रुपये अधिक चुकाने पड़ रहे हैं। जिला मुख्यालय से राजधानी लखनऊ के लिए किराए में पहले 244 रुपये देने पड़ते थे, अब 249 रुपये चुकाने पड़ रहे हैं।
बीते दिनों भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने टोल प्लाजा का टैक्स बढ़ा दिया था। इसका असर प्राइवेट वाहनों के साथ ही रोडवेज बसों से यात्रा करने वाले लोगों पर भी पड़ रहा है। टोलटैक्स बढ़ने से यात्रियों के किराये पर सीधा असर पड़ा है। जिले में नेशनल हाईवे 730 पर तुलसीपुर के पास एक टोल प्लाजा है। बलरामपुर से तुलसीपुर, पचपेड़वा व बढ़नी जाने वाले यात्रियों के किराया बढ़ गया है। पहले जहां यात्री 29 रुपये तुलसीपुर लोग पहुंच जाते थे, अब उन्हें 34 रुपये चुकाने पड़ रहे हैं। वहीं पचपेड़वा, गैसड़ी व बढ़नी जाने वाले यात्रियों को भी पांच से आठ रुपये अधिक देने होंगे। बलरामपुर से लखनऊ जाने के लिए पहले 244 रुपये देने पड़ते थे अब 249 रुपये देने होंगे। बलरामपुर डिपो की वरिष्ठ इंचार्ज तरन्नुम ने बताया कि टोल प्लाजा बढ़ने के कारण परिवहन निगम ने भी सरकारी बसों का किराया बढ़ाया है। परिवहन निगम के निर्देशानुसार जिले में भी बढ़ा हुआ किराया लागू किया गया है।