केंद्रीय विद्यालय में फुटबॉल खेलते खिलाड़ी। स्रोत आयोजक
बलरामपुर। पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय में शनिवार को आयोजित अंतरसदनीय फुटबॉल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में टैगोर और शिवाजी सदन ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर दमदार शुरुआत की।
प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य वीरेंद्र प्रताप सिंह ने खेल शिक्षिका रश्मि शर्मा, कृष्ण देव, कुमकुम सिंह और अजय प्रताप सिंह के साथ खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। पहले मुकाबले में टैगोर सदन ने अशोक सदन को 2-0 से शिकस्त दी। टैगोर की ओर से सुशांत और ईशान ने एक-एक गोल दागकर टीम को जीत दिलाई। दूसरे मुकाबले में शिवाजी सदन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रमन सदन को 5-2 से पराजित किया। शिवाजी सदन के राहुल ने अकेले पांच गोल दागकर मैच के स्टार खिलाड़ी रहे और टीम की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई।
मैचों का संचालन प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक सौरभ कुमार तिवारी और शिवम वर्मा ने उद्घोषक के रूप में किया, जबकि डॉ. राजेश शुक्ल और जनार्दन प्रसाद यादव ने स्कोरिंग की जिम्मेदारी संभाली।