बलरामपुर। जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को ईवीएम मशीन व वीवीपैट की सुरक्षा पर विशेष फोकस करना होगा। साथ ही पोलिंग पार्टियों की दिक्कतों को दूर कराने की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। जिले के 1857 पोलिंग बूथों पर छठे चरण में तीन मार्च को चारों विधानसभाओं में वोंटिग कराई जाएगी। डीएम/ जिला निर्वाचन अधिकारी श्रुति के निर्देशन और सीडीओ/ नोडल अधिकारी कार्मिक एवं प्रशिक्षण रिया केजरीवाल के पर्यवेक्षण में मंगलवार को चार जोनल व 59 सेक्टर मजिस्ट्रेटों को विकास भवन सभागार में दो पालियों में विधानसभा चुनाव मतदान कराने का प्रशिक्षण दिया गया।
पीडी अनिल कुमार सिंह ने प्रथम व द्वितीय पाली के प्रशिक्षण कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि सभी जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को मतदान के दिन सुरक्षा के साथ पोलिंग पार्टियों की दिक्कतों को तत्काल दूर कराने पर फोकस करना होगा। ईवीएम मशीनों के साथ वीवीपैट की सुरक्षा के संबंध में पोलिंग पार्टियों को जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को जागरूक करना होगा। दोनों पालियों की प्रशिक्षण कार्यशाला में चार जोनल व 59 सेक्टर मजिस्ट्रेटों को ईवीएम व वीवीपैट चलाने का तरीका सिखाया गया।
डीपीआरओ नीलेश प्रताप सिंह, एक्सईएन जलनिगम मनोज कुमार सिंह, ग्राम पंचायत सचिव अजय यादव व प्रमोद सिंह ने जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को ईवीएम व वीवीपैट का तकनीकी प्रशिक्षण दिया। डीडीओ गिरीश कुमार पाठक, जिला कृषि अधिकारी आरपी राना, बीएसए डॉ. रामचंद्र, सीडीपीओ सत्येंद्र कुमार सिंह, कार्यकारी अधिकारी मत्स्य रमन चौधरी, इंजीनियर लघु सिंचाई अनिरुद्घ कुमार यादव, जिला समन्वयक प्रशिक्षण मोहित देव त्रिपाठी, एआर कोऑपरेटिव अमरेश मणि त्रिपाठी, सहायक अर्थ एवं संख्याधिकारी दिनेश कुमार यादव व संतोष कुमार यादव और अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा सेल संतोष कुमार यादव ने सभी जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को प्रशिक्षित किया।