बलरामपुर में बाढ़ की तैयारी बैठक में मौजूद विधायक व अन्य ।-स्रोत: विभाग
बलरामपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को बाढ़ से राहत व बचाव कार्यों की पहले से तैयारी को लेकर बैठक की गई। सदर विधायक पल्टूराम व तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल ने बाढ़ खंड अधिकारियों को मानसून आने से पहले सुरक्षा की तैयारी पर ध्यान देने का सुझाव दिया। राप्ती व अन्य नदियों और पहाड़ी नालों में सिल्ट सफाई कराने के लिए कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।
दोनों विधायक ने कहा कि बलरामपुर जनपद बरसात में बाढ़ से प्रभावित रहता है। राप्ती व अन्य नदियों के साथ पहाड़ी नालों की बाढ़ से 350 से अधिक गांव हर वर्ष प्रभावित होते हैं। राप्ती नदी के किनारे बसे जनपद के 35 से अधिक गांवों को कटान का दंश झेलना पड़ता है। दोनों विधायक ने बैठक में बाढ़ व कटान से प्रभावित गांवों की सूची उपलब्ध करा दी है। प्राथमिकता के आधार पर जिला स्तरीय कार्ययोजना में सूची शामिल की गई। डीएम विपिन कुमार जैन ने निर्देश दिया कि मानसून से पहले सभी कार्य पूरे करा लिए जाएं। साथ ही बाढ़ रहात व बचाव से संबंधित कार्य सभी विभागों को मिलकर करना होगा। इसमें कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने कहा कि बाढ़ से निपटने की तैयारी पहले से पुख्ता कर लें।
अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड भरत राम ने बताया कि जिले में कुल चार तटबंधों पर 30 गैप की मरम्मत कराने के कार्य स्वीकृत हो चुके हैं। गैप भरने का कार्य जल्द शुरू कर दिया जाएगा। मानसून के दौरान किसी प्रकार की बाढ़ स्थिति से निपटने की तैयारी की जा रही है। इसके अतिरिक्त पहाड़ी नालों की सिल्ट सफाई कराने की कार्ययोजना तैयार की गई है। जिले में 21 सिल्ट सफाई के कार्य चिह्नित किए गए हैं। इसमें 231 किलोमीटर लंबाई में पहाड़ी नालों में सिल्ट सफाई कराई जाएगी। दोनों विधायक की तरफ से नालों की सिल्ट सफाई व जलनिकासी से संबंधित प्रस्तावों को कार्ययोजना में शामिल किया गया। बैठक में सीडीओ हिमांशु गुप्त, एडीएम वित्त व राजस्व ज्योति राय व बृजेंद्र तिवारी आदि मौजूद रहे।