बलरामपुर। सावन माह के पहले सोमवार की शुरुआत लोगों ने भगवान शिव की आराधना के साथ की। आस्था का सैलाब इस कदर उमड़ा कि मंदिरों में भगवान शिव के दर्शन के लिए घंटों तक श्रद्धालु कतार में लगे रहे। मंदिरों में जहां सुबह से रात तक श्रद्धालुओं के दर्शन करने तांता लगा रहा, वहीं कई जगह पर भक्तों ने भंडारे का भी आयोजन किया।
नगर के झारखंडी मंदिर में भोर पहर ही महिला व पुरुष श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई। मंदिर परिसर में लगीं दुकानों से बेलपत्र, फूल, बेर, गन्ना, भांग, धतूरा व सफेद फूल खरीदकर जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु कतारबद्ध हो गए। तुलसीपुर में श्रद्धालुओं ने सिरिया नाला से जल भरकर शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर पहुंचे। यहां पर पीठाधीश्वर महंत मिथिलेश नाथ योगी से आशीर्वाद प्राप्त कर श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इसके बाद पैदल चलकर जनकपुर स्थित मुक्तेश्वर नाथ महादेव मंदिर में भक्तों पूजा-अर्चना कर खुशहाली का आशीर्वाद मांगा। इसके अलावा पचपेड़वा स्थित शिवगढ़ धाम, मथुरा बाजार स्थित शिवालय, बिजलीपुर मंदिर स्थित शिवालय, उतरौला के दुखहरण नाथ, राजापुर भरिया जंगल के कल्पेश्वर नाथ व धर्मपुर स्थित झारखंडेश्वर महादेव मंदिर में भी भोर पहर से लेकर देर रात तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
पहले सोमवार को शिव मंदिरों में जुटने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। शिव मंदिर व शिवालयों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। शिवालयों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मी भी तैनात रहीं।