बलरामपुर। ग्राम जनकपुर जीवडीह में रविवार की दोपहर अज्ञात कारणों से पांच घरों में आग लग गई। आग से 10 हजार रुपये नकद व दो लाख के जेवर सहित पांचों घरों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। कड़ी मशक्कत कर ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। हल्का लेखपाल ने क्षति का आंकलन किया है।
ग्राम पंचायत जनकपुर के मजरा जीवडीह निवासी सतीराम ने बताया कि रविवार की दोपहर करीब तीन बजे उनके घर में अज्ञात कारण से आग लग गई। घटना में घर गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया।
जब तक आग पर काबू पाया जात आग ने पतिराम, लड्डूलाल, लड्डन व महंगू के घर को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना में पतिराम के घर में रखे दो लाख के जेवर तथा 10 हजार रुपये नकद जल गए।
पांचों परिवार का घर गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। हल्का लेखपाल नीरज मौर्या ने बताया कि क्षति का आंकलन किया जा रहा है। शीघ्र ही पीड़ितों को अहेतुक सहायता दिलाई जाएगी।