बलरामपुर के कार्यक्रम स्थल हसुआडोल के पास ट्रैक्टर से किया जा रहा खेतों का समतलीकरण।
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। आजादी के बाद देश की सबसे बड़ी सिंचाई परियोजना सरयू नहर का लोकार्पण कार्यक्रम स्थल का क्षेत्रफल करीब 15 हेक्टेअर में होगा। प्रधानमंत्री, राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री के लिए कुल पांच हेलीपैड तैयार किए जा रहे हैं। कार्यक्रम स्थल के ऊपर से गुजर रही जवाहर नवोदय विद्यालय की हाईटेंशन लाइन अलग शिफ्ट की जाएगी। कार्यक्रम में आने वाले लोगों के नित्यकर्म के लिए जिले के साथ-साथ पड़ोसी जनपदों के निकायों से मोबाइल शौचालय और पेयजल के लिए 20-20 मोबाइल शौचालय व टैंकर मंगाए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटा है। वीवीआईपी, वीआईपी तथा आम लोगों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए जा रहे हैं।
प्रशासन दिनरात तैयारियों में जुट गया है। कलेक्ट्रेट व पुलिस लाइन में तैयारियों को लेकर बैठकों का दौर जारी है। प्रधानमंत्री के लोकार्पण समारोह में करीब दो लाख लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
कार्यक्रम स्थल हसुआडोल गांव के पास लगी गन्ने की फसल को काटकर चीनी मिल भेजा जा रहा है। कई पेड़ भी काटे जा रहे हैं। स्थल का ट्रैक्टर और जेसीबी लगातार समतल किया जा रहा है। उम्मीद है कि कार्यक्रम के 72 घंटे पहले सूबे के सीएम योगी आदित्यनाथ मौके पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लेंगे। प्रशासन का प्रयास है कि 9 दिसंबर तक सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। जिले में खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं।
एसएसबी और पुलिस ने नेपाल राष्ट्र की सीमा पर चौकसी बढ़ा दी है। जिम्मेदार अफसर लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था अभी से चुस्त दुरुस्त कर दी गई है। शुक्रवार को कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे सदर एसडीएम राजेंद्र बहादुर ने बताया कि अधिकारियों द्वारा दी गई गाइड लाइन के अनुसार तैयारियां की जा रही हैं। सारा काम समयवाधि के तहत पूर्ण कर लिया जाएगा।