बलरामपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र में बिजलीपुर स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के बगल में मंगलवार शाम कुछ लोगों ने विवाद के चलते तमंचे से फायरिंग कर दी। इससे एक मासूम घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
बिजलीपुर निवासी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने अपने मकान में अंग्रेजी शराब की दुकान के लिए किराए पर कमरा दे रखा है। मंगलवार शाम वह परिवार सहित रानी तालाब हनुमान मंदिर गए थे। आशुतोष खुद शराब की दुकान के बगल में पानी व नमकीन आदि बेचते हैं। घर पहुंचने पर कुछ लोग पानी की दुकान के सामने विवाद कर रहे थे।
आशुतोष की पत्नी ने मना किया तो एक युवक ने छेड़खानी करते हुए मोबाइल नंबर मांगा। मना करने पर उसने तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली दीवार में लगने के बाद आशुतोष के सात वर्षीय बेटे अनमोल के कमर के नीचे छूती हुई निकल गई। बगल में खड़ी पड़ोस की एक महिला भी घायल हुई है।
परिजनों व पड़ोसियों के खदेड़ने पर आरोपी युवक व उसके साथी भाग गए। अनमोल को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। नगर कोतवाल राजितराम ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मामले की छानबीन की जा रही है। दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।