फोटो-11-बलरामपुर के उतरौला में फीता काटकर फायर स्टेशन का लोकार्पण करते विधायक राम प्रताप वर्मा।-स?
- फोटो : BALRAMPUR
उतरौला (बलरामपुर)। प्रदेश सरकार ने क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या का समाधान कर दिया है। वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उतरौला तहसील में फायर स्टेशन के सपने को साकार कर दिखाया है। फायर स्टेशन का संचालन शुरू होने से उतरौला तहसील के 225 राजस्व ग्रामों की आठ लाख आबादी को आग की घटनाओं में होने वाले नुकसान से निजात मिलेगी।
मंगलवार को ये बातें उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा ने मंगलवार को स्थानीय ब्लॉक के बदलपुर गांव में नवनिर्मित फायर स्टेशन का लोकार्पण करते हुए कही। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में फायर स्टेशन न होने के कारण प्रत्येक वर्ष आग की घटनाओं में सैकड़ों लोगों की घर गृहस्थी तबाह हो जाती थी। चुनाव के समय तहसील क्षेत्र में फायर स्टेशन का वादा किया था। चुनाव जीतने के बाद फायर स्टेशन निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेेजा गया। इस प्रस्ताव को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फायर स्टेशन निर्माण को मंजूरी देते हुए बजट भी स्वीकृत कर दिया। 512.97 लाख रुपये की लागत से तैयार फायर स्टेशन का लोकार्पण करके बड़े ही आनंद की अनुभूति हो रही है।
जिला अग्निशमन अधिकारी राज मंगल ने बताया कि इस फायर स्टेशन पर एक बड़ी दमकल के साथ छह फायर आरक्षी व एक चालक की तैनाती की गई है। फायर स्टेशन पर जल्द ही अन्य संसाधन भी मुहैया कराए जाएंगे। फायर स्टेशन बनने से क्षेत्र में आग की घटनाओं पर नियंत्रण पाने में काफी सहूलियत मिलेेगी। इस मौके पर सीओ उतरौला उदयराज सिंह, प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि महिपाल चौधरी, सुधीर श्रीवास्तव, लालजी तिवारी व राकेश तिवारी आदि मौजूद रहे।