सादुल्लाहनगर। क्षेत्र के गूमा फातमाजोत में आयोजित गूमा प्रीमियर लीग का फाइनल मुकाबला शनिवार को खेला गया। खिताबी मुकाबला जीतकर फाइन फर्नीचर गोंडा की टीम विजेता बनी। विजेता टीम को 51 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।
फाइनल मुकाबला मो. सईद इलेवन सोनहटी व फाइन फर्नीचर गोंडा के बीच खेला गया। फाइन फर्नीचर गोंडा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मो. सईद इलेवन सोनहटी की टीम ने निर्धारित 15 ओवरों में आठ विकेट खोकर 163 रन बनाए। जवाबी पारी में गोंडी की टीम ने आक्रामक शुरुआत की। रजत के 103 रन व चित्रांश के 55 रनों के सहयोग से गोंडा ने 15वें ओवर में तीन विकेट खोकर मैच जीत लिया।
शतकीय पारी खेलने वाले रजत सिंह को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। मुख्य अतिथि सावन कुमार श्रीवास्तव व सादुल्लाहनगर थानाध्यक्ष सतेंद्र वर्मा ने विजेता टीम को ट्रॉफी और 51 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर बहरइची प्रसाद गुप्त, विष्णु गुप्त, दीपचंद जायसवाल, दद्दन मिश्र, प्रधान रमेश गुप्त, जुनैद अहमद, अताउल्लाह, फसीउल्लाह, नसीम अहमद, गणेश गुप्त, अरविंद सोनी, मानस और ओम आदि मौजूद रहे।