बलरामपुर। सदर ब्लॉक की 18 ग्राम पंचायतों में 22 से 30 अक्तूबर तक वित्तीय साक्षरता शिविर लगाए जाएंगे। आरबीआई और नाबार्ड के सहयोग से आयोजित इन शिविरों में ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं, सुरक्षित वित्तीय लेनदेन और रुपये के बेहतर प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जाएगा। प्रतिदिन दो ग्राम पंचायतों में शिविर लगाकर लोगों को जानकारी दी जाएगी।
एडीओ पंचायत वीरेंद्र तिवारी ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पहला शिविर सुबह 10 बजे और दूसरा दोपहर 12 बजे आयोजित होगा। 22 अक्तूबर को रामपुर बंघुसरा और फत्तेजोत, 23 अक्तूबर को चरोकाफरी और गिधरैया, 24 अक्तूबर को सिसई और बनिजोत तथा 25 अक्तूबर को बेलहा और पंडरी में शिविर लगाए जाएंगे।
इसी क्रम में 26 अक्तूबर को ज्योनार और बरांव, 27 अक्तूबर को जमुनही और जोरावरपुर, 28 अक्तूबर को सेखुईकलां और कोइलिहा, 29 अक्तूबर को गोपालपुर और सिरसिया तथा 30 अक्तूबर को कोयलरा और चिरैया ग्राम पंचायत में शिविर आयोजित होंगे। शिविरों में ग्रामीणों को बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं के सही इस्तेमाल, सुरक्षित लेनदेन और वित्तीय जागरूकता से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। ग्रामीण निर्धारित तिथि और समय पर पहुंचकर शिविरों का लाभ उठा सकते हैं।