फोटो-9-बलरामपुर में मेंहदी लगे हाथ दिखाती छात्राएं ।-स्रोत : विभाग
बलरामपुर। छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा और कला कौशल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शनिवार को विशुनीपुर भगवतीगंज में मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छात्राओं ने हाथों पर आकर्षक मेहंदी के डिजाइन उकेरकर अपनी सृजनात्मकता और हुनर का परिचय दिया।
प्रतियोगिता में छात्राओं के बीच बेहतर प्रदर्शन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। विभिन्न कक्षाओं की प्रतिभागी छात्राओं ने निर्धारित समय में सुंदर और आकर्षक मेहंदी डिजाइन तैयार किए। निर्णायक मंडल ने डिजाइन की सुंदरता, बारीकी, स्वच्छता और रचनात्मकता के आधार पर छात्राओं के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया।
अपने-अपने कक्षा वर्ग में वैष्णवी वर्मा, प्रीति मौर्य, सलोनी, हुमाइरा और नंदिनी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। आयोजकों ने विजेता छात्राओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
मदरलैंड पब्लिक स्कूल के प्रबंधक अतुल गौरव, अध्यापिकाएं कल्पना कश्यप, आराधना मिश्रा, प्रिया पांडेय और अर्चना शुक्ला ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारने के लिए प्रेरित किया।