फोटो-12-बलरामपुर के हनुमानगढ़ी मंदिर तुलसीपुर में पूजा अर्चना करते श्रद्धालु ।-संवाद
तुलसीपुर। नगर के संकटमोचन हनुमानगढ़ी मंदिर में शनिवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने संकटमोचन हनुमान के दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि और जीवन के संकटों से मुक्ति की कामना की। इस अवसर पर मंदिर परिसर में सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। पाठ के समापन के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया।
मंदिर परिसर में स्थापित 108 फीट ऊंचा दिव्य हनुमत स्तंभ श्रद्धालुओं के आकर्षण और आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। मान्यता है कि शनिवार के दिन सच्चे मन से पूजा-अर्चना करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
मंदिर सचिव दिलीप कुमार गुप्ता ने बताया कि मंदिर में नियमित रूप से धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। विशेष अवसरों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेहतर व्यवस्थाएं भी की जाती हैं। मुख्य पुजारी भानु महाराज ने कहा कि हनुमान जी की आराधना से भय, बाधाएं और संकट दूर होते हैं तथा भगवान अपने भक्तों की सदैव रक्षा करते हैं।
पुजारी शुभम पांडे ने बताया कि प्रत्येक शनिवार को दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं और संकटमोचन हनुमान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।