फोटो-37-बलरामपुर के तुलसीपुर में आयोजित किसान दिवस में शिकायत करते किसान।-स्रोत : विभाग
तुलसीपुर। तहसील सभागार में बुधवार को किसान दिवस का आयोजन किया गया। उप कृषि निदेशक श्याम नारायण राम की अध्यक्षता में किसानों ने बिजली, पेयजल, सिंचाई, भूमि विवाद और अधूरे विकास कार्यों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। अधिकारियों ने शिकायतें सुनकर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्राम रामदेव बनगहा निवासी बच्छराज वर्मा ने एक एकड़ से कम भूमि वाले किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ और अनुदान दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि कम भूमि वाले किसानों को अनुदान का लाभ मिलने में दिक्कत होती है।
महराजगंज तराई निवासी अतीक अहमद ने जल जीवन मिशन के तहत गांव में सुचारू जलापूर्ति नहीं होने की शिकायत की। उन्होंने मौके पर निरीक्षण कर पेयजल व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। बंजारिया लालपुर पचपेड़वा निवासी अब्दुल मन्नान ने जल निगम के अधूरे कार्य को पूरा कराने की मांग उठाई।
शिवजीत वर्मा ने भूमि पर जबरन कब्जे की शिकायत की। वहीं, सुगांव बंजरिया निवासी वीपत ने दूसरे पक्ष पर जमीन पर निर्माण कराने और विरोध करने पर विवाद की स्थिति उत्पन्न होने का आरोप लगाया।
भारतीय किसान यूनियन (अम्बावता) के जिलाध्यक्ष जितेंद्र मिश्रा ने क्षेत्र में बिजली की बार-बार कटौती का मुद्दा उठाया। उन्होंने महराजगंज तराई, भटपुरवा, भोसई, गुलरिहा, हिसामपुर और भैरहवा समेत अन्य क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति सुधारने की मांग की।
ग्राम गेटहवा में सड़क के बीच नाली और जलभराव की समस्या भी किसानों ने उठाई। इस दौरान जिला कृषि अधिकारी उपेंद्र नाथ खरवार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश शर्मा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।