फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: बाघ के हमले में किसान की मौत, तेंदुए ने हमला करके दो लोगों को किया जख्मी; ग्रामीणों में दहशत

Fri, 10 Apr 2026 07:48 PM IST
Bhupendra Singh अमर उजाला नेटवर्क, बलरामपुर

सार

बलरामपुर में बाघ के हमले में किसान की मौत हो गई। जबकि, तेंदुए ने हमला करके दो लोगों को जख्मी कर दिया। घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग की टीम कांबिंग कर रही है। आगे पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन
हरिकांत की फाइल फोटो, तेंदुए के हमले से घायल सहजराम - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

यूपी के बलरामपुर में जंगली जानवरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। अलग-अलग घटनाओं में पचपेड़वा क्षेत्र में बाघ के हमले से 42 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, महराजगंज तराई में तेंदुए ने किसान और एक राहगीर पर हमला कर घायल कर दिया। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
विज्ञापन


पचपेड़वा क्षेत्र के ग्राम पंचायत घुबौलिया के मजरा रेहरा चौकी निवासी हरिकांत यादव (42) शुक्रवार सुबह भैंस चराने जंगल की ओर गए थे। कुछ देर बाद जंगल की ओर से शोर सुनाई दिया। मृतक के बेटे सुजीत के अनुसार, आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक जंगली जानवर हमला कर चुका था और जंगल की ओर भाग गया।
 

पांच लोगों को बाघ निवाला बना चुका है

ग्रामीणों ने खोजबीन की तो घर से लगभग 700 मीटर दूर जंगल में हरिकांत यादव का शव पड़ा मिला। ग्रामीणों का कहना है कि बाघ के हमले में उनकी मौत हुई है। ग्राम प्रधान राकेश कुमार, झिनकू प्रसाद, राधेश्याम और विमल कुमार ने बताया कि इसी जंगल क्षेत्र में पहले भी पांच लोगों को बाघ निवाला बना चुका है।

ग्राम प्रधान परसरामपुर शेखर पांडे ने बताया कि बीते दिनों उनके क्षेत्र में भी बाघ के हमले में दो महिलाओं की मौत हो चुकी है। वहीं ग्राम बेलभारिया के मजरा सड़वा में किसान बिकाई तथा ग्राम पंचायत विशुनपुर कोडर में एक महिला की भी बाघ के हमले में मौत हो चुकी है। 
 

ग्रामीणों को जंगल में न जाने की सलाह

वन क्षेत्राधिकारी भाभंर रेंज योगेश कुमार ने बताया कि सूचना पर टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों को जंगल में न जाने की सलाह दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही स्पष्ट होगा कि जंगली जानवर बाघ है या तेंदुआ। मृतक के बेटे सुजीत यादव ने बताया कि उनके पिता रोज की तरह सुबह जानवर लेकर निकले थे। 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह उनकी माता चिनका देवी के साथ जंगल में जानवरों को छोड़कर महुआ बीन रहे थे तभी जंगली जानवर ने हमला कर दिया। पचपेड़वा पुलिस व फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई। टीम ने घटनास्थल से नमूने भी जुटाए हैं। प्रभारी निरीक्षक ओपी सिंह चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

तेंदुए ने किसान व राहगीर पर किया हमला

महराजगंज तराई क्षेत्र में तेंदुए ने दो लोगों पर हमला कर घायल कर दिया। बनकटवा रेंज के ग्राम बनकटवा निवासी 55 वर्षीय सहजराम शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे भोजन के बाद अपने सब्जी खेत की रखवाली करने जा रहे थे। सड़क किनारे झाड़ी में छिपे तेंदुए ने अचानक उन पर झपट्टा मार दिया। इससे उनके सिर पर चोट आई। सहजराम के शोर मचाने पर तेंदुआ सड़क की ओर भागा। 

इसी दौरान महाराजगंज से बाइक से अपने घर बलदेव नगर जा रहे हलीम पर भी तेंदुए ने हमला कर दिया। हमले में बाइक दूर जाकर गिर गई और हलीम घायल हो गए। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक तेंदुआ खेतों की ओर भाग चुका था। ग्रामीणों ने दोनों घायलों को पहले निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया।
विज्ञापन

चिवटिहवा गांव के पास दिखा तेंदुआ

तुलसीपुर रेंज के चिवटिहवा गांव के पूरब शुक्रवार की सुबह तेंदुआ दिखाई दिया है। उस समय गेहूं के खाली खेतों में ग्रामीण गाय, भैंस और बकरी चरा रहे थे। अचानक तेंदुआ दिखते ही चरवाहों में भगदड़ मच गई। ग्रामीणों ने लाठी-डंडा पटककर शोर मचाया, जिसके बाद तेंदुआ नाले की ओर झाड़ियों में चला गया। 

क्षेत्र के सर्वजीत चौधरी, गोपाल, हसन मोहम्मद, जितेंद्र सिंह और अजित भारती ने बताया कि तेंदुआ करीब एक वर्ष से क्षेत्र में सक्रिय है। कई बार वन विभाग से तेंदुआ पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। 

रिपोर्ट मिलने पर मिलेगी सहायता

जिला आपदा विशेषज्ञ अरुण सिंह ने बताया कि जंगली जानवर के हमले में मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता दी जाती है। तुलसीपुर तहसील से पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ पूरा ब्योरा मांगा गया है। रिपोर्ट मिलने पर चार लाख की सहायता दिए जाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें