बलरामपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए शुक्रवार से माध्यमिक परिषद के स्कूूलों में प्री बोर्ड परीक्षा शुरू हुई। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए विद्यालय प्रबंधन ने कॉलेज गेट पर परीक्षार्थियों की सघन जांच भी की। इसके बाद उन्हें परीक्षा कक्ष में आवंटित अनुक्रमांक के अनुसार बैठाया गया। इस दौरान हाईस्कूल के बच्चों ने ओएमआर शीट पर परीक्षा दी।
एमपीपी इंटर कॉलेज में सुबह नौ बजे से ही परीक्षार्थियों ने विद्यालय आना शुरू कर दिया था। प्रधानाचार्य राकेश प्रताप सिंह की अगुवाई में प्रवेश गेट पर मौजूद शिक्षकों ने परिसर में प्रवेश से पहले हर परीक्षार्थी की गहन जांच पड़ताल की। प्री बोर्ड के की पहली पाली सुबह 9.30 से 12 बजे तक दूसरी पाली दोपहर 12.30 से 3.30 बजे तक हुई। दोनों पालियों में अंग्रेजी विषय की परीक्षा कराई गई। इसमें 1200 बच्चे उपस्थित रहे। डीआईओएस गोविंदराम ने बताया कि सभी प्रधानाचार्यों को आदेश जारी कर 18 से 03 फरवरी के बीच प्री बोर्ड परीक्षा कराने के लिए कहा गया है। ताकि बच्चों की बोर्ड परीक्षा की तैयारी का मूल्यांकन कर उनके कमजोर विषयों की तैयारियों को परीक्षा से पहले बेहतर बनाया जा सके।