बलरामपुर। मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में सोमवार को सीएचसी अधीक्षकों की बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागीय योजनाओं की समीक्षा की गई। सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) के पात्र लाभार्थियों को समय पर भुगतान और किशोरियों के शत-प्रतिशत एचपीवी टीकाकरण पर जोर दिया।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी ने लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करते हुए स्वास्थ्य योजनाओं में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जननी सुरक्षा योजना के लंबित भुगतान, नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत एचपीवी वैक्सीनेशन व आगामी जिला स्वास्थ्य समिति (डीएचएस) की बैठक की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। सीएमओ ने कहा कि जननी सुरक्षा योजना का उद्देश्य संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देना और मातृ-शिशु स्वास्थ्य को मजबूत करना है। इसलिए पात्र महिलाओं के भुगतान में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी चिकित्सा अधीक्षकों और प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित भुगतान को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए। प्रत्येक टीकाकरण सत्र की नियमित निगरानी की जाए और पात्र किशोरियों तक समयबद्ध रूप से वैक्सीन पहुंचाई जाए, ताकि सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के अभियान को गति मिल सके। बैठक में सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुजीत कुमार पांडेय, डॉ. सीपी सिंह, डॉ. जावेद अख्तर, डॉ. आनंद प्रकाश त्रिपाठी, डॉ. अरविंद कुमार, विनोद त्रिपाठी व प्रभात मौर्य आदि मौजूद रहे।