बलरामपुर। जिले के विभिन्न नगर निकायों में मंगवार को बुलडोजर गरजा। अभियान के दौरान करीब 230 स्थानों से कब्जे हटाए गए हैं।मंगलवार को नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी लालचंद्र मौर्य के नेतृत्व में घास मंडी तिराहे से तिकोना पार्क तक अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क, नालियों, नालों, बाजार और सड़क की पटरी के ऊपर किए गए अवैध कब्जों को तोड़ा गया।
करीब 30 स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया। नगर पालिका की टीम जैसे ही घास मंडी से तिकोना पार्क मार्ग पर पहुंची, वहां पहले से दी गई सूचना के चलते अधिकांश लोगों ने स्वयं अपने-अपने अतिक्रमण हटा लिए थे। घास मंडी से फर्रासखाना जाने वाले मार्ग पर दोबारा अतिक्रमण की शिकायत मिलने पर नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध जताते हुए कहा कि उनकी दुकानों के सामने नाली नहीं है, इसके बावजूद दुकान और घर में प्रवेश के लिए बनी सीढ़ियों को तोड़ा जा रहा है। विरोध के बीच कार्रवाई पूरी की गई।
नोकझोंक के बीच हटाया गया अतिक्रमण
तुलसीपुर। नायब तहसीलदार शिवेंद्र पटेल और अधिशासी अधिकारी प्रवीण कुमार दुबे के नेतृत्व में मुख्य बाजार में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। सुबह नई बाजार चौक से जैसे ही जेसीबी ने कार्रवाई शुरू की, कुछ दुकानदारों ने विरोध जतामा। नोकझोंक की स्थिति बन गई। कई बार माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। पुलिस की मौजूदगी में अभियान आगे बढ़ा और लगभग 200 दुकानों व मकानों के सामने से अतिक्रमण हटाया गया।
प्रशासन की मंशा पर खड़े हुए सवाल
उतरौला। नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर प्रशासन की मंशा पर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां अभियान रसूखदारों के कब्जे के चलते महज खानापूर्ति बनकर रह गया है। नगर पालिका द्वारा जारी रोस्टर के अनुसार कार्रवाई नहीं की गई और दो दिनों से कोई भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया। तीन दिन चलने के बाद अभियान ठप हो गया।
17 दिसंबर से तहसील के सामने और श्याम प्रसाद मुखर्जी चौराहे से पुष्पांजलि होटल तक जेसीबी से अतिक्रमण हटाया गया, लेकिन दुकानदारों का आरोप है कि केवल छोटे दुकानदारों पर कार्रवाई की गई। नालों पर आज भी अस्थायी कब्जे बने हुए हैं। सपा नेता एजाज मलिक ने भी विरोध जताते हुए कहा कि केवल गरीब, रेहड़ी और ठेला वालों को निशाना बनाया जा रहा है। अधिशासी अधिकारी राजमणि वर्मा ने बताया कि प्रशासनिक व्यस्तता के चलते दो दिन कार्रवाई नहीं हो सकी, बुधवार से फिर अभियान शुरू किया जाएगा।
आज चलेगा बुलडोजर
गैसड़ी। नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत 24 दिसंबर को कार्रवाई की तैयारी पूरी कर ली गई है। मंगलवार को राजा बागडीह से मेन रोड तक सीमांकन कर लोगों से स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील की गई। अधिशासी अधिकारी अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि सड़क किनारे और नालियों के ऊपर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया जाएगा।