उतरौला/बलरामपुर। नगर पालिका परिषद व नगर प्रशासन ने सोमवार को श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौराहे से लेकर मनकापुर चौराहे तक 60 स्थानों पर अतिक्रमण हटाया गया। अभियान उप जिलाधिकारी अभय सिंह व अधिशासी अभियंता राजमणि वर्मा के नेतृत्व में संचालित किया गया। नगर में रविवार को भी अतिक्रमण हटाया गया था। बलरामपुर के सेखुईकला चौराहे पर भी अतिक्रमण हटाया गया।
ईओ ने बताया कि अभियान के दौरान सड़क किनारे दुकानों के बाहर फैला सामान, ठेले, गुमटी, तख्त, अवैध शेड और अस्थायी निर्माण हटाए गए। नगर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कुछ समय से ठप पड़ी थी, जिससे चौराहों और बाजार क्षेत्रों में जाम, अव्यवस्था और पैदल यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अभियान के दौरान नगर कोतवाल अवधेश राज सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस की मौजूदगी से अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
सेखुईकला चौराहे पर हटाया अतिक्रमण, बनेगा लेबर अड्डा
बलरामपुर। जिला प्रशासन ने सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर सेखुईकला चौराहे समेत आसपास के क्षेत्रों में अतिक्रमण के खिलाफ सघन अभियान चलाया। इसके तहत सड़क किनारे और चौराहों पर किए गए अवैध व अस्थायी कब्जों को जेसीबी मशीन की मदद से हटाया गया। जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन स्वयं मौके पर पहुंचे और अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने चौराहे के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ वहां पक्का लेबर अड्डा बनाने के निर्देश दिए। यह अभियान केवल अस्थायी अतिक्रमण तक सीमित नहीं रहेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग के प्रस्तावित चौड़ीकरण को ध्यान में रखते हुए अब स्थायी अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया भी शीघ्र शुरू की जाएगी। इसके लिए संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मौके पर सदर एसडीएम हेमंत गुप्ता, लेखपाल अमित तिवारी सहित राजस्व, पीडब्ल्यूडी और अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
गैसड़ी में आज चलेगा अभियान
गैसड़ी। स्थानीय प्रशासन नगर में मंगलवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाएगा। इसके तहत पहले रेलवे स्टेशन मोड से लेकर एनएच-730 कोतवाली से होते हुए मुख्य चौराहे तक अतिक्रमण हटाया जाएगा। इसके बाद बिस्कोहर रोड व जरवा रोड पर अतिक्रमण हटाया जाएगा। अधिशासी अधिकारी अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि कुछ लोगों ने पूर्व में ही अपने घर के सामने अवैध अतिक्रमण को हटा लिया है। जो लोग नहीं हटा पाए हैं, उनकी मौजूदगी में प्रशासन अतिक्रमण हटाएगा। - संवाद