बलरामपुर। त्योहार पर पंचायत विभाग के कर्मियों का मानदेय व वेतन नहीं रूकेगा। सितंबर व अक्टूबर माह के मानदेय व वेतन का भुगतान कर्मचारियों को तय समय में होगा। यह निर्देश निदेशक पंचायत राज राजकुमार ने जारी किया है। इसमें चेताया गया है कि यदि पचांयत विभाग के किसी भी संविदा या आउटसोर्सिंग कर्मियों का मानदेय रुकता है तो संबंधित जिम्मेदार को चिह्नित कर कार्रवाई के घेरे में लाया जाएगा।
पंचायत राज विभाग से ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक, गौशाला व सामुदायिक शौचालय के केयर टेकर, कंसल्टिंग इंजीनियरों की तैनाती की गई है। इसी तरह ब्लॉक स्तर पर कंप्यूटर ऑपरेटरों की नियुक्ति है। अधिकारियों की लापरवाही से इन कर्मियों का कई महीनों का मानदेय फंसा है। जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया उपाध्याय ने बताया कि पंचायतों में तैनात पंचायत सहायक, गौशाला व सामुदायिक शौचालय के केयर टेकर, कंसल्टिंग इंजीनियरों एवं अन्य संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मियों के बकाया मानदेय के भुगतान के लिए एडीओ पंचायत व सचिव को निर्देशित किया गया है। त्योहार में किसी भी कर्मचारी का मानदेय बकाया नहीं रहेगा। इसकी निगरानी की जिम्मेदारी जिला परियोजना प्रबंधक संदीप कश्यप को सौंपी गई है।