बलरामपुर। बलरामपुर से संचालित तुलसीपुर फीडर पर बदहाल बिजली आपूर्ति से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। बिजली कटौती से 17 गांवों के लोग पूरी रात बेचैन रहे। बृहस्पतिवार को दोपहर 12 बजे ही बिजली गुल हो गई। शुक्रवार शाम चार बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। बिजली न होने से भीषण गर्मी से लोगों को जूझना पड़ा।
ग्रामीणों ने विभागीय कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। शासन ने ग्रामीण क्षेत्रों में 16 से 18 घंटे बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद फाॅल्ट के नाम पर कटौती की जा रही है। ग्रामीण सुधीर कुमार, कौशल किशोर, रामबरन, संतशरण, अनिल कुमार, परमात्मा, साधु आदि ने बिजली कटौती पर आक्रोश जताया है। कहा कि विद्युत उपकेंद्र के अधिकारी फोन भी नहीं उठाते हैं।