फोटो-1-बलरामपुर में बिजली कार्यशाला का औचक निरीक्षण करती डीएम श्रुति व अन्य।-संवाद
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। जिले में आए दिन बिजली कटौती की शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए डीएम ने शुक्रवार को कार्यशाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ट्रांसफार्मरों के गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर डीएम ने सख्त नाराजगी जताई। भविष्य में निरीक्षण के दौरान खामियां पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी।
डीएम श्रुति ने शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित वितरण ट्रांसफार्मरों के जलने व खराब होने पर उनके मरम्मत के लिए जिला मुख्यालय स्थित विद्युत कार्यशाला का औचक निरीक्षण कर जायजा लिया। कार्यशाला में मरम्मत के साथ रखरखाव, उपलब्ध संयंत्रों, जले व खराब ट्रांसफार्मरों को क्षेत्र से लाने और क्षेत्रों में मरम्मतशुदा ट्रांसफार्मरों को पहुंचाने व स्थापित कराने की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। कार्यशाला में उपलब्ध ट्रांसफार्मर रजिस्टर, टोल फ्री नंबर 1912 से संबंधित शिकायतों के रजिस्टर और ट्रांसफार्मर उपलब्धता रजिस्टर आदि अभिलेखों की भी डीएम ने गहन पड़ताल की।
वहीं 100 केवीए क्षमता के मरम्मतशुदा ट्रांसफार्मर की डीएम ने कार्यशाला में जांच कराई। इस दौरान मरम्मतशुदा ट्रांसफार्मर की गुणवत्ता खराब पाई गई। विद्युत कार्यशाला में स्थापित अग्निशमन यंत्र की संख्या बहुत कम मिली। खामियां पाए जाने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई, और भविष्य में निरीक्षण के दौरान कमियां मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। डीएम के निरीक्षण के दौरान एक्सईएन पावर कार्पोरेशन बलरामपुर, इं. बालकृष्ण, इं. अवर अभियंता प्रेमचंद, इं. उप खंडीय अधिकारी ग्रामीण रवि कुमार और टीजी संतोष पाठक आदि मौजूद रहे।