बलरामपुर। सेवानिवृत्त बैंककर्मी वीरेंद्र विक्रम सिंह ने 65 वर्ष की उम्र में 23 प्रकार से शीर्षासन कर एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में अपना नाम दर्ज कराया है। मंगलवार को वीरेंद्र विक्रम सिंह को 85वीं वाहिनी एसएसबी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कमांडेंट रमन कुमार श्रीवास्तव ने मेडल पहनाकर तथा एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड का सर्टिफिकेट प्रदान कर सम्मानित किया।
वीरेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि कोई भी व्यक्ति 23 तरीके से शीर्षासन कर खुद को हर उम्र में चुस्त-दुरुस्त रख सकता है। उन्होंने कहा कि मेरा अगला लक्ष्य अपना नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड तथा गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज कराने का है। उनकी इस उपलब्धि पर एसएसबी 9वीं वाहिनी के डिप्टी कमांडेंट मुकेश गुर्जर, पूर्व सभासद कमलेश प्रताप सिंह, पूर्वमंत्री हनुमंत सिंह तथा बैंककर्मी बीके शर्मा ने बधाई दी है।