बलरामपुर। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अश्वनी कुमार सिंह ने बुधवार को बताया कि वित्तीय वर्ष 2021-22 में पिछड़े वर्ग के 35 वर्ष तक की आयु वाले बेरोजगार युवक-युवतियों को ओ लेवल व ट्रिपल-सी कंप्यूटर में प्रशिक्षण दिलाने वाली योजना शुरू की गई है। मान्यता प्राप्त संस्थाओं की तरफ से पिछड़े वर्ग के युवक-युवतियों को ओ लेवल व ट्रिपल-सी कंप्यूटर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के वेब पोर्टल पर 25 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। ग्रामीण व शहरी क्षेत्र वाले ऐसे युवक-युवतियां जिनकी आय एक लाख रुपये सालाना से अधिक न हो और जो किसी भी संस्था में अध्ययनरत न हो। ऑनलाइन आवेदन के लिए दिशा निर्देश/ समय सारिणी वेबसाइट पर प्रदर्शित कर दी गई है।
आवेदन के बाद संस्था की तरफ से ऑनलाइन भरे गए प्रति को डाउनलोड कर प्रिंटआउट पर हस्ताक्षर करके सभी अभिलेखों जैसे आय, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड व शैक्षिक योग्यता की दो सेटों में प्रमाणित छाया प्रतियों के साथ विकास भवन स्थित पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के दफ्तर में 25 जुलाई तक हार्डकॅापी के रूप में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराना होगा। (संवाद)