बलरामपुर। पंचायत चुनाव में 12,500 कर्मचारियों की ड्यूटी मतदान कराने के लिए लगाई जाएगी। एनआईसी में मतदान कार्मिकों का डाटा फीड कराया जा रहा है। जिले के 229 दफ्तरों से कर्मचारियों का ब्योरा जुटाया जा रहा है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर जिले के सभी विभागों के अफसरों व कर्मियों की छुट्टियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। बिना सूचना के जिला मुख्यालय से गायब पाए जाने पर अफसरों व कर्मियों के खिलाफ आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में कार्रवाई की जाएगी।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2021 में 26 अप्रैल को जिले के सभी नौ ब्लॉकों में 934 मतदान केंद्रों से जुड़े 2524 मतदेय स्थलों पर वोटिंग कराने की तैयारियां की जा रही हैं। ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य व जिला पंचायत सदस्य सीटों के लिए मतदान कराया जाएगा। पंचायत चुनाव में वोटिंग कराने के लिए 12,500 मतदान कार्मिकों की पोलिंग पार्टियों के रूप में ड्यूटी लगाई जाएगी जिसमें पीठासीन सहित प्रथम, द्वितीय व तृतीय मतदान कार्मिक शामिल होंगे। कोविड-19 महामारी के साथ-साथ भीषण गर्मी में मतदान कार्मियों की तबियत खराब होने व अन्य समस्याओं के होने पर रिजर्व वाले मतदान कार्मियों को वोटिंग कराने का जिम्मा सौंपा जाएगा।
इसके लिए 30 प्रतिशत मतदान कार्मिकों को रिजर्व में रखने के लिए तैयारी की जा रही है। जिले के 229 कार्यालयों से कर्मचारियों का डाटा एनआईसी में युद्ध स्तर पर फीड कराया जा रहा है। एनआईसी में सभी कार्यालयों के 15 हजार से अधिक कर्मियों का डाटा फीड किया जाएगा। कर्मचारियों का डाटा लॉक होने के बाद उन्हें मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं मिलेगी। जिले के सभी कार्यालयों में तैनात कर्मचारियों की छुट्टियों पर तत्काल प्रभाव से पाबंदी लगा दी गई है। कर्मचारियों को छुट्टी लेने के लिए अब डीएम से अनुमति लेनी होगी। बिना सूचना के जिला मुख्यालय छोड़ने वाले कर्मचारियों के खिलाफ आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन में कार्रवाई किए जाने की चेतावनी जारी कर दी गई है।
आदेश न मानने पर होगी कार्रवाई
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर जिले के सभी विभागों में तैनात अफसरों व कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। पंचायत चुनाव में 12,500 मतदान कार्मिकों को वोटिंग कराने में लगाया जाएगा। रिजर्व में 30 प्रतिशत कार्मिक रखे जाएंगे। जिले के 229 दफ्तरों में तैनात अफसरों व कर्मियों के छुट्टी लेने पर पाबंदी लगा दी गई है। इस संबंध में सभी दफ्तरों के अफसरों व कर्मियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। निर्देश का पालन न होने पर संबंधित अधिकारी व कर्मचारी के खिलाफ आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में कार्रवाई की जाएगी। - श्रुति, जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम