बलरामपुर। श्रीदत्तगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. सुमंत सिंह चौहान पर एफआईआर दर्ज होने के बाद उन्हें पद से हटा दिया गया है। अब वह श्रीदत्तगंज सीएचसी में ही चिकित्साधिकारी के पद पर कार्य करेंगे। वहीं डॉ. अनुराग पांडेय को अधीक्षक का पदभार दिया गया है।
तुलसीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 10 लाख रुपये से अधिक की दवाएं व उपकरण डंप एवं एक्सपायर होने के मामले में डॉ. सुमंत सिंह चौहान पर मुकदमा दर्ज कराया गया था। अधीक्षक पर मुकदमा दर्ज होने के बाद अब मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने उन्हें पद से हटा दिया है। सीएमओ ने बताया कि डॉ. सुमंत सिंह चौहान आठ दिसंबर से विभागीय कार्य से विरत रहते हुए स्वास्थ्य सेवाएं भी नहीं दे रहे हैं, इससे विभागीय कार्य प्रभावित हो रहा है। चिकित्सकीय दायित्व में लापरवाही बरतने पर यह कार्रवाई की गई है। अब डॉ. अनुराग पांडेय सीएचसी श्रीदत्तगंज के अधीक्षक का कार्यभार देखेंगे।
10 लाख रुपये की मिली थीं एक्सपायर दवाएं
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुलसीपुर स्थित एक चिकित्सक के आवास में तीन दिसंबर को 10 लाख रुपये की एक्सपायर दवाएं मिलीं थीं। सीएचसी तुलसीपुर के वर्तमान अधीक्षक डॉ. विकल्प मिश्र ने बताया कि अस्पताल के आवासीय परिसर के एक कक्ष में काफी दिनों से ताला बंद था। तीन माह से बंद कमरे की चाबी खोजी जा रही थी। तीन दिसंबर को चिकित्सक के कक्ष का ताला तोड़वाया गया तो उसमें करीब 10 लाख रुपये की एक्सपायर दवाएं व कुछ चिकित्सकीय उपकरण बरामद हुए थे। इस मामले की जांच कराई गई तो पूर्व अधीक्षक डॉ. सुमंत सिंह चौहान व फार्मासिस्ट शिवपूजन दोषी पाए गए। इस मामले में डॉ. सुमंत व फार्मासिस्ट पर मुकदमा भी दर्ज हो चुका है।